रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को डीज़ल-पेट्रोल पर वेट की दरें घटाने की मांग को लेकर प्रदेश सरकार के ख़िलाफ़ प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने इस दौरान कहा कि डीज़ल-पेट्रोल की क़ीमतों को लेकर केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज़ ड्यूटी घटाने की पहल को राजनीतिक चश्मे से देखने की ओछी मानसिकता त्यागकर देश के अधिकांश राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ में वेट की दरें घटाने का काम प्रदेश सरकार करे। इसके लिए अन्य राज्यों के फैसलों का अध्ययन करने की आड़ लेकर कांग्रेस और प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ को भरमाने की सियासी लफ़्फ़ाजियों से बाज आए। भाजपा नेताओं ने कहा कि महंगाई को लेकर कांग्रेस मिथ्या प्रलाप बंद करके अपनी प्रदेश सरकार को इस बात के लिए बाध्य करे।
 
प्रदेश भाजपा के बैनर तले शनिवार को आहूत धरना प्रदर्शन की कड़ी में राजधानी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, सांसद सुनील सोनी, विधाायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर शहर ज़िला भाजपा अध्यक्ष व पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू, पूर्व विधायक नंदे साहू, प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव समेत हज़ारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली की शक्ल में शास्त्री चौक पहुँचकर धरना प्रदर्शन करके प्रदेश सरकार की मुख़ालफ़त में अपनी आवाज़ बुलंद की। इस मौक़े पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने कहा आज के चक्काजाम में जनता ने भागीदार बनकर बता दिया कि यहां की जनता भूपेश सरकार के छल को समझ गयी है। जनता को अपने हक़ के पेट्रोल-डीजल के मूल्य में कमी के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सड़क पर उतरने के लिए मज़बूर कर दिया। पूर्व मंत्री व विधायक श्री अग्रवाल ने कहा कि अपनी नाकामी का दोषारोपण केंद्र पर करना मुख्यमंत्री बघेल की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि यूपीए सरकार के समय कांग्रेस के किए गड्ढे पाटने के लिए पेट्रोल डीजल के दाम बढ़े थे। अब जब केंद्र ने पेट्रोल और डीजल मूल्य में कमी कर दी है, अधिकतर राज्यों ने कमी कर दी है तो क्या भूपेश सरकार इस देश से बाहर है? बघेल बिना किसी बहानेबाजी के वेट कम करें और जनता को राहत दें। भाजपा सांसद सुनील सोनी ने कहा कि जनता को ठगना भूपेश सरकार की आदत बन गई है। कोरोना के समय भूपेश सरकार ने विभिन्न वस्तुओं पर सेस लगाया था। उसका आज तक यह हिसाब नहीं दे पाई है। भूपेश बघेल अपने आकाओं को खुश करने के लिए छत्तीसगढ़ के पैसा दूसरे राज्यों के चुनाव में व्यर्थ बहा रहे हैं और यहां की जनता का पैसा ही उन्हें नहीं लौटा रहे हैं। धरना को भाजपा जिला अध्यक्ष व पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।
 
बिलासपुर में प्रदेश भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सिंह सवन्नी, सांसद अरुण साव, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल समेत भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन को सफल बनाया। बस्तर में प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री व भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रभारी लता उसेंडी की अगुआई में भाजपा के ज़िला पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने वेट की दरें घटाने की मांग करते हुए प्रदेश सरकार के ख़िलाफ़ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। ज़िला मुख्यालय बलौदाबाज़ार स्थित अंबेडकर चौक पर विधायक शिवरतन शर्मा व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रदेश संयोजक अंजय शुक्ला की मौज़ूदग़ी में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करके वेट की दरें घटाने की मांग की। दुर्ग के हिन्दी भवन के सामने आहूत धरना प्रदर्शन में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक लाभचंद बाफना, प्रदेश भाजपा मंत्री ऊषा टावरी, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, पूर्व महापौर छाया, विधायक चंद्रिका चंद्राकर समेत ज़िला पदााधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदेश सरकार के रवैए का कड़ा विरोध किया। काँकेर ज़िला मुख्यालय में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, सांसद मोहन मंडावी, ज़िला अध्यक्ष सतीश लाटिया आदि की उपस्थिति में धरना प्रदर्शन कर भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने वेट की दरें कम करने की मांग जोरशोर से की। सांसद गोमती साय, ज़िला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत, युवराज यशप्रताप सिंह जूदेव, शौर्यप्रताप सिंह जूदेव, विजय आदित्य सिंह जूदेव, पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव, विवेकानंद झा व जशपुर ज़िला भाजपा अध्यक्ष रोहित साय के नेतृत्व में कुनकुरी के जयस्तम्भ चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में शिरक़त कर पेट्रोल-डीज़ल पर वेट नहीं घटाने और सीमेंट व अन्य आवश्यक वस्तुओं की महंगाई बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार को ज़िम्मेदार ठहराकर धरना प्रदर्लन व चक्काजाम कर मुखर विरोध किया। भाजपा नेतााओं ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार वेट घटाने और आवश्यक वस्तुओं की मूल्यवृद्धि कम करने की मांग की।भाजपा की सरगुजा ज़िला इकाई ने अंबिकापुर के अम्बेडकर चौक पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के अलावा भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता,प्रिया सिंह सहित काफ़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन में उपस्थित रहे।
------------------------------------