रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जवाबी हमला बोलते हुए कहा है कि गांधी जी के नाम पर नौटंकी बताने के पहले बापू की कुटिया तो सहेज लें। रायपुर में आयोजित धर्मसंसद में एक वक्ता द्वारा गांधी जी पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम द्वारा बोले जा रहे हमले का जवाब देते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि कांग्रेस खुद बापू का अपमान करती है, उनका अपमान कराती है और  दोष भाजपा पर मढ़ती है। भूपेश बघेल की यह पुरानी आदत है कि सड़क पर खुद गंदगी करते हैं और आंख भाजपा को दिखाते हैं।
  भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने राजधानी रायपुर के बाग बागीचों में बापू की करीब दो दर्जन कुटियों की दुर्दशा का हवाला देते हुए कहा है कि भूपेश बघेल के राज में इनके दरवाजे टूट गए, दीमक लग गई, जाले लग गए और भूपेश बघेल वर्धा की तर्ज पर बापू के आश्रम का ढिंढोरा पीटते नजर आते हैं।
  भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि राहुल गांधी से लेकर  भूपेश बघेल तक किसी भी कांग्रेसी को वास्तव में बापू के सिद्धांतों, उनके दर्शन से कोई लेना देना नहीं हैं। वे सब के सब बापू के नाम पर न केवल राजनीति करते हैं बल्कि निम्न स्तर के राजनीतिक हथकंडे अपनाते हैं। जबकि भाजपा बापू के सिद्धांतों पर अमल करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बापू के सपनों को साकार कर रहे हैं। स्वच्छ भारत अभियान से लेकर स्वदेशी तक हम गांधी दर्शन को आत्मसात किये हुए हैं और गांधी जी के नाम पर जिंदा कांग्रेस के लोग बापू के नाम का राजनीतिक दुरुपयोग कर रहे हैं। भूपेश जी बापू के नाम की माला जपने की बजाय गांधी दर्शन के अनुरूप आचरण करने की आदत डालें।