रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की उदासीनता के चलते आज छत्तीसगढ़ में नारी कहीं भी सुरक्षित नहीं है। हमेशा से नारी जाति को कांग्रेस वोट बैंक का हिस्सा ही मानती रही है। महिला सुरक्षा को लेकर प्रदेश की सरकार जरा भी रुचि नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधी लगातार हत्या, बलात्कार, छेड़छाड़, लूटपाट, चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे और प्रदेश की शासन व्यवस्था और प्रशासन व्यवस्था कुंभकरण की निद्रा में सोए हुए हैं। 
 
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राजपूत ने कहा कि प्रदेश में आए दिन महिलाओं के साथ हो रहे घटनाओं को रोकने के लिए ना तो पुलिस प्रशासन रुचि दिखा रही है और न ही प्रदेश की सरकार इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में एक युवती जब मंदिर से घर लौट रही थी तो उसी दौरान चार युवकों ने उस लड़की का रास्ता रोककर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। राजधानी रायपुर में एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ एक नाबालिग लड़के ने दुराचार किया। वहीं कांकेर जिले के पुरियारा निवासी 25 साल की युवती 4 जनवरी से लापता थी, जिनकी लाश एक बड़े व्यापारी के नए मकान के पीछे सड़ी गली स्थिति में मिली। बालोद जिले में एक युवक ने शादी का झांसा देकर नाबालिग लड़की को हैदराबाद ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बालोद जिले के देवरी थाना अंतर्गत एक गांव की 50 वर्ष की महिला को ब्लैकमेलिंग कर डरा धमकाकर 3 साल तक उसके साथ दैहिक शोषण किया गया। उन्होंने कहा कि भिलाई में प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने आत्महत्या कर लिया। मैनपुर में एक युवक द्वारा युवती को जबरदस्ती अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
 
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि प्रदेश में लगातार इस तरह की घटनाएं घटित होना और प्रदेश सरकार द्वारा इन पर अंकुश लगाने के बजाय उदासीनता दिखाना प्रदेश सरकार की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सभी मंत्री तो अभी यूपी चुनाव में दीदी को खुश करने के लिए लगे हुए हैं और प्रदेश के मुखिया अपने नंबर बढ़ाने के लिए अपने आला नेताओं को खुश करने के लिए प्रदेश जनता को धोखा देने के बाद अब उत्तर प्रदेश के लोगों को ठगने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया अपने मंत्रिमंडल को लेकर अगर राज्य को छोड़कर दूसरे राज्य के चुनाव में जाते हैं तो प्रदेश कि शासन एवं प्रशासन व्यवस्था पूरी तरह अपराधियों के हाथों में चला जाएगा तभी तो अपराधी बेखौफ होकर इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।