रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ में दबाव और दमन की पराकाष्ठा कर खुलेआम प्रतिशोध की घटिया राजनीतिक मानसिकता के साथ संविधान की मूल भावना और विरोध व अभिव्यक्ति के नागरिक अधिकारों को कुचलने पर आमादा हो चली है। भाजपा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार तानाशाह हो चुकी है और छत्तीसगढ़ मे अघोषित आपातकाल थोप रही है।
 
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय ने  कहा कि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत के साथ थाने में हुई मारपीट को नकार कर प्रदेश सरकार के मंत्री रुद्र कुमार प्रदेश को ग़ुमराह कर रहे हैं। प्रदेशभर में वायरल वीडियो में श्री मूणत के साथ हुई मारपीट के सच को नकारना शर्मनाक है। दरअसल कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार बदहवास हो चुकी है और अपने निकम्मेपन से प्रदेश का ध्यान भटकाने के लिए झूठ पर झूठ बोल रही है। प्रदेश सरकार बदलापुर की राजनीति और एसटी-एससी एक्ट को अपने राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने से बाज आ जाए। कांग्रेस और प्रदेश सरकार अपने गंदे और ओछे हथकंडों के जरिए विपक्ष की आवाज़ को दबाने और कुचलने पर आमादा है जो छत्तीसगढ़ के स्वस्थ लोकतांत्रिक परिवेश के लिए कलंकपूर्ण है। भाजपा प्रदेश की कांग्रेस सरकार के हर ज़ुल्म का क़रारा ज़वाब देगी।
 
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम ने कहा कि पूर्व मंत्री श्री मूणत पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह झूठे और प्रदेश की कांग्रेस सरकार के राजनीतिक प्रतिशोध के एजेंडे से प्रेरित हैं। प्रदेश सरकार और कांग्रेस के लोग नित-नया झूठ गढ़कर प्रदेश में विपक्ष की आवाज़ और विरोध की अभिव्यक्ति के नागरिक अधिकार को कुचल रही है और इसके लिए सत्ता बल की आड़ लेकर पुलिस के ज़रिए दमन और दबाव के एक नए टूलकिट-एजेंडे पर काम कर रही है। प्रदेश सरकार के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने बिना क़ानूनी जाँच के जिस तरह सीधे आरोपियों को क्लीन चिट देने की ज़ल्दबाजी की है, उससे यह साफ़ है कि प्रदेश सरकार बदहवास और बददिमाग़ होकर बदनीयती का शर्मनाक परिचय दे रही है और प्रदेश इसका साक्षी है। लेकिन, भाजपा के लाखों कार्यकर्ता प्रदेश सरकार के दमन और अत्याचारों का मिलकर पूरी ताक़त से मुक़ाबला करेंगे।