बलरामपुर-रामानुजगंज। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी अपने एक दिवसीय दौरे पर प्रदेश के बलरामपुर जिले पहुंचे। अपने एकदिवसीय प्रवास पर पहुंचे प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला के सभी मंडलों का संगठनात्मक गठन एवं रचनात्मक कार्यों पर भाजपा के हर कार्यकर्ता अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्ष का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हमें बूथ स्तर पर जाकर कार्य करना होगा तथा बूथ के कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों को मजबूत करने की दिशा में अभी से जूट जाए। प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भ्रष्ट सरकार बताते हुए कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से प्रदेश में आए दिन भ्रष्टाचार, लूट, हत्या, अपहरण, दुराचार, छेड़छाड़ की घटना घटित हो रही है। प्रदेश की सरकार अपने किए वादों को अभी तक पूरा नहीं कर पाई है। अपने किए पुराने वादों को तो पूरा नहीं कर पा रहे है और फिर नए वादे करने में लग गए है। उन्होंने कार्यकर्ता का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रदेश की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंक फिर से कमल खिलाएंगे।
 
राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि मिशन 2023 के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से जुड़ना होगा। सभी कार्यकर्ता अभी से शक्तिकेन्द्र तथा बूथ स्तर पर उतर कर प्रत्येक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा प्रत्येक बूथ मजबूत बूथ बनाने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश का संचार किया। विधायक एवं प्रदेश महामंत्री नारायण चंदेल ने कार्यकर्ताओं को संगठित होने के लिए कहते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता एक कर्मयोगी कार्यकर्ता है, और मिशन 2023 में विजय हासिल करने के लिए अभी से तैयार होना होगा।  पूर्व गृह मंत्री राम सेवक पैकरा ने कहा कि हमें अभी से मिशन 2023 की तैयारी करना है। अब चुनाव अधिक दिन शेष नहीं प्रदेश की सरकार की विफलताओं को हमें जन-जन तक पहुंचाना है। अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व राष्ट्रीय नंदकुमार साय ने कहा कि हमें संगठन को मजबूत कर 2023 के चुनाव में जीत कर भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। जिलाध्यक्ष गोपाल प्रसाद मिश्रा ने स्वागत उदबोधन किया। बैठक को अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। 
 
बैठक में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन को श्रीफल एव ंसाल तथा प्रतीक चिन्ह देकर उनका स्वागत किया। बैठक का संचालन ओमप्रकाश जायसवाल ने तथा आभार जिला महामंत्री जयप्रकाश गुप्ता ने किया।
 
इस दौरान बैठक में ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अखिलेश सोनी, मेजर अनिल सिंह, नरेश नंदे, सिध्दनाथ पैकरा, सहित जिला के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभी मोर्चों के अध्यक्ष उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।