रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा में कहीं भी, किसी भी स्तर पर गुटबाजी नहीं है। यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर बूथ का दायित्व देखने वाले तक और प्रधानमंत्री से लेकर पंच तक सभी पहले कार्यकर्ता हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कांग्रेस एक खानदान के चाटुकारों की पार्टी है। जो जितना बड़ा चापलूस, वह उतना बड़ा नेता। मोहन मरकाम जी अपना घर देखें। वे भी भूपेश बघेल से गुरुमंत्र ले लें और दिल्ली दरबार के दरबारी बन जायें लेकिन दिक्कत यह है कि गुरुघंटाल ऐसा होने नहीं देंगे। टीएस सिंहदेव जी जैसी हालत कर देंगे। 
 
  भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव  ने कहा कि राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी के मार्गदर्शन में भाजपा अपनी तैयारियों में लगी है तो कांग्रेस के पैरों तले की जमीन हिल रही है। उसी की ध्वनि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के कंठ से निकल रही है। इन दोनों नेताओं के बयानों से स्पष्ट हो रहा है कि ये भाजपा की तैयारियों से कितने बौखलाए हुए हैं। भाजपा संघर्ष की कोख से जन्मी  पार्टी है। हमारे लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। सत्ता के बिना भी हम जनता की सेवा समर्पण भाव से करते हैं। कांग्रेस के लिए सत्ता लूटखसोट और ऐश का जरिया है। इसलिए वहां सत्ता संघर्ष परम पर है।
 
  भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस सी मार्ट से लेकर डी मार्ट तक गुटबाजी की दुकान बन गई है। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल और बाबा के बीच क्या चल रहा है, मोहन मरकाम तो पार्टी के मुखिया हैं वे इनके बीच की कुर्सी दौड़ रोकने के लिए विसिल बजाकर दिखाएं। दिल्ली में कांग्रेस के अंतःपुर में क्या हो रहा है? गुलाम नबी आजाद से लेकर कपिल सिब्बल तक ढेर सारे दिग्गज कौन सा गुटनिरपेक्ष ग्रुप चला रहे हैं, मरकाम जरा उस तरफ देखें।