रायपुर।  छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम द्वारा खैरागढ़ उपचुनाव जीतने के दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ का पैसा उत्तर प्रदेश में खर्च करके 403 में से सिर्फ दो सीटें लाने वाले भूपेश बघेल अब जनता को धोखा नहीं दे पाएंगे। छत्तीसगढ़ के किसान कांग्रेस की दोगली नीतियों को देख चुके हैं, समझ चुके हैं और उसका परिणाम भुगतने के लिए कांग्रेस को तैयार रहना चाहिए। खैरागढ़ में कांग्रेस का वही हश्र होना सुनिश्चित है जैसा पांच राज्यों के चुनाव में हुआ है। छत्तीसगढ़ के संसाधनों का दुरुपयोग करके अन्य राज्यों में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को अब छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से खैरागढ़ की जनता करारा जवाब देने के लिए तैयार है। भूपेश बघेल हों, सोनिया गांधी अथवा राहुल या फिर प्रियंका, सभी को समझ लेना चाहिए कि 3 साल से छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस पर भरोसा करके पछता रही है। खैरागढ़ उपचुनाव का परिणाम कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील के तौर पर सामने आएगा। यह अत्याचारी सरकार, दमनकारी सरकार के खिलाफ छत्तीसगढ़ की जनता का प्रतिकार होगा और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सफाये का स्पष्ट संकेत होगा। खैरागढ़ की जनता पूरे छत्तीसगढ़ की ओर से कांग्रेस को सबक सिखाएगी और खैरागढ़ में कमल खिलाएगी।