रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने नारायणपुर में प्रदर्शन कर रहे आदिवासी समाज के हजारों लोगों पर पुलिस लाठी चार्ज की भर्त्सना करते हुए कहा है कि भूपेश बघेल सरकार आदिवासियों पर जुल्म ढा रही है। कांग्रेस ने आदिवासियों की भावनाओं से खिलवाड़ करके सत्ता तो हासिल कर ली लेकिन अब उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। श्री साय ने कहा कि आख़िर भूपेश बघेल को क्या दुश्मनी है आदिवासियों से, यह समझ से परे है। इन्हें नक्सली बता कर गोलियों से भून रही है, लाठी बरसा रही है। उनका हक़ छीन रही है। श्री साय ने कहा कि सीएम बघेल को याद रखना चाहिये कि ईश्वर की लाठी बेआवाज़ होती है। मजलूमों पर बरसायी गयी एक-एक लाठी का हिसाब बघेल को देना होगा। 
 
आदिवासियों से किए गए वादों के विपरीत उनके हितों पर राजनीति की जा रही है। जिससे असंतुष्ट आदिवासी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और भूपेश बघेल को असहमति अथवा विरोध के स्वर सुनना बर्दाश्त नहीं है इसलिए उन्होंने आदिवासियों पर लाठियां चलवाई।
 
 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय ने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों की मसीहा बनने की कोशिश करती है लेकिन हकीकत में वह आदिवासियों की दुश्मन बन बैठी है। प्रदेश के आदिवासी कांग्रेस पर विश्वास करके खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का अवसर मिलना ही चाहिए। लेकिन भूपेश बघेल की सरकार चाहती है कि राज्य के आदिवासी अपने हक की आवाज भी न उठाएं। उन्होंने अपनी आवाज बुलंद की तो भूपेश बघेल ने उन पर लाठियां बरसा दी। अब यह अकेले नारायणपुर अथवा बस्तर ही नहीं समूचे छत्तीसगढ़ के आदिवासियों का आंदोलन माना जाना चाहिए क्योंकि आदिवासी बस्तर से लेकर सरगुजा तक सिर्फ आदिवासी ही है और सारे आदिवासियों की समस्याएं एक जैसी हैं।
 
 प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु देव साय ने कहा कि भाजपा का प्रतिनिधिमंडल भूपेश बघेल सरकार की इस बर्बरता के शिकार आदिवासियों के बीच जाएगा और इस मामले में आदिवासियों के साथ भाजपा संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल के दमन चक्र का खात्मा होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। उन्हें सही समय पर आदिवासी सही जवाब देने में सक्षम हैं।