रायपुर। आज भारतीय जनता पार्टी के 42 वें स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे देश भर में भारतीय जनता पार्टी ने अपना स्थापना दिवस मनाया। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ध्वजारोहण कर स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर केंद्रीय इस्पात और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 
 
भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज स्थापना दिवस मना रही है, यह बूथ स्तर से लेकर मंडल, जिला, प्रदेश सहित पूरे देश में एक साथ स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी परंपरागत रूप से स्थापना दिवस हमेशा मनाते आ रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, राजमाता सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे के सोच को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने पूरा किया है। आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय की योजना को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने आगे बढ़ाया, जिसे वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आगे बढ़ा रहे हैं। अंत्योदय के तहत आज केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण एवं उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है और इन योजनाओं का लाभ गरीब जनता को मिल रहा है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों सहित सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद यापित किया।
 
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की बदौलत आज हम दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल बन गए हैं। उन्होंने भाजपा के संस्थापक सदस्यों को याद नमन करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, राजमाता सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे जी की नीतियों एवं कल्याणकारी योजनाओं को आज भारतीय जनता पार्टी जन-जन तक पहुंचा रही है और इन योजनाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा जन कल्याण की भावनाओं के साथ कार्य करती है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी तन्मयता के साथ जन सेवा में लगे हुए हैं।
 
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने स्थापना दिवस के अवसर पर कहा कि भाजपा के संस्थापक सदस्यों ने लंबी यात्रा करके एवं भाजपा के मेहनती एवं परिश्रमी कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की यात्रा को लगातार जारी रखा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जब पहली बार  प्रधानमंत्री बने तो उनकी सरकार गिर गई उन्होंने पुनः यात्रा जारी रखा और सरकार बनाया। सदन में जब अटल बिहारी वाजपेई जी से कहा गया कि आपने जो वादा किया था उसे अब तक पूरा नहीं किए हैं तब वाजपेयी जी ने कहा था आज हम बहुमत में नहीं है तो यह वादा भले ही पूरा नहीं कर पाए, लेकिन जब हम बहुमत में आएंगे और हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी तब यह वादा को हम जरूर पूरा करेंगे। जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 2014 में पूर्ण बहुमत एवं 2019 में पुनः लोकसभा में बहुमत हासिल कर स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी द्वारा किए गए वादों को पूरा किया। तीन तलाक को खत्म किया, कश्मीर से धारा 370 और 35-ए को हटाया और राम मंदिर निर्माण के वादा को पूरा  किया। उन्होंने कहा कि यह हमारे संस्कारों में ही हैं हम राजनीति नहीं विचारधारा की बात करते हैं। हमारे कार्यकर्ताओं की बदौलत आज देश के लगभग 18 राज्यों में हमारी सरकार हैं। यह सब हमारे कार्यकर्ताओं की परिश्रम एवं मेहनत का ही हुआ है। इस यात्रा में हमारे एक दो नहीं बल्कि हजारों, लाखों , करोड़ो  कार्यकर्ताओं ने अपना सहयोग दिया। स्थापना दिवस के अवसर पर इस पूरे यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दिया। उन्होंने कहा कि हमारी यह यात्रा दी पूरी नहीं हुई है हमें 2024 में मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है और इससे पहले छत्तीसगढ़ की भ्रष्ट एवं निकम्मी भूपेश सरकार को 2023 के विधानसभा चुनाव में उखाड़ फेंकना है।
 
 
 इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर दिए गए वक्तव्य को भी सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।