रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने राजधानी में 04 वर्ष के मासूम बच्चे का अपहरण कर उसे जिंदा जला देने की वीभत्स वारदात पर गहन दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस की सरकार में राजधानी अपराधियों के हवाले है। छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराधी तत्वों में कानून का भय नहीं है। छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ बना दिया गया है। राजधानी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं तो राज्य के अन्य हिस्सों में क्या हालात हैं, यह भी लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से उजागर हो रहा है।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि अभी हाल ही रायगढ़ जशपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में जंगल में महुआ बीनने गए परिवार के तीन सदस्यों की पत्थर से कुचलकर की गई नृशंस हत्या भी इसकी एक बानगी है कि छत्तीसगढ़ में कानून का राज किस जर्जर हालत में पहुंच गया है। भूपेश बघेल कानून का राज चलाने का दम तो बहुत भरते हैं लेकिन यहां कानून का राज कहीं नजर नहीं आ रहा। हर तरफ आपराधिक तत्व समानांतर राज चला रहे थे। भूपेश बघेल सरकार से प्रदेश की कानून व्यवस्था सम्हल नहीं रही है। वे स्वीकार नहीं करते किंतु उनकी सरकार ने छत्तीसगढ़ की जनता को अपराधी तत्वों के रहमोकरम पर छोड़ दिया है। 
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि अभी हाल ही में राजधानी में डकैती की वारदात हुई। इसके अलावा महिलाओं के साथ अपराध की बाढ़ पूरे प्रदेश में आ गई है। भूपेश बघेल की पुलिस की कार्यशैली मुंगेली में सामने आ गई कि किस प्रकार वह दुष्कर्म के आरोपी को बचाने पीड़िता के साथ सौदेबाजी करती है।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने मंत्रियों को विभागीय काम करने नहीं दे रहे हैं या उनके मंत्री निठल्ले हैं। राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था से लेकर कानून व्यवस्था तक सब कुछ पटरी से उतर गया है। जिम्मेदार मंत्री हाथ पर हाथ रखे बैठे हैं। स्वास्थ्य विभाग दिखावे के लिए टीएस सिंहदेव के पास है तो गृह विभाग ताम्रध्वज साहू के पास। ये दोनों ही मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे हैं इसलिए इनके विभागों की गाड़ी पंचर कर दी गई है ताकि वे उभरने न पाएं। कांग्रेस के सत्ता संघर्ष में छत्तीसगढ़ की आम जनता पिस रही है।