रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा  के वरिष्ठ नेता व प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कांग्रेस की सरकार में केवल भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार का वह नरवा है जिसमें कांग्रेस के विधायक से लेकर अन्य कांग्रेसी नहा रहे हैं और विधायक के दबाव में हो रहे भ्रष्टाचार की कलई कांग्रेस के ही वे लोग खोल रहे हैं जो इस नरवा स्नान से वंचित हैं।
 
श्री श्रीवास्तव ने राज्य युवा आयोग के सदस्य कांग्रेस नेता अजय सिंह द्वारा बीजापुर इलाके में विधायक के दबाव में भ्रष्टाचार होने का खुलकर आरोप लगाने का हवाला देते हुए कहा है कि भूपेश बघेल सरकार बस्तर की तस्वीर बदल देने का दावा करती है। विकास का ढिंढ़ोरा पीटती है। हालात में बदलाव होने का दम भरती है लेकिन हकीकत में बदलाव यह आया है कि भाजपा की सरकार में बस्तर के धुर नक्सल प्रभावित इलाकों में तक विकास हुआ। कांग्रेस की सरकार आते ही विकास की गाड़ी रुक गई। विकास के नाम पर सिर्फ कांग्रेसियों का आर्थिक विकास हो रहा है। काम के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है। शर्मनाक बात है कि कांग्रेस के जिस विधायक पर क्षेत्र के वास्तविक विकास की जिम्मेदारी है, उस पर भ्रष्टाचार के आरोप खुद कांग्रेस के नेता लगा रहे हैं। हद तो यह है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को धमकाने नक्सलियों के नाम पर पर्चे जारी होते हैं जिनका नक्सली खंडन करते हैं कि उन्होंने ऐसे कोई पर्चे जारी नहीं किये। इससे साफ जाहिर है कि भूपेश बघेल के राज में नक्सल प्रभावित इलाके में जमकर भ्रष्टाचार चल रहा है और विरोध करने वालों को धमकाने के लिए नक्सलियों के नाम से पर्चे जारी हो रहे हैं।