रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने हरियाणा में कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार अजय माकन की हार पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा है।  श्री साय ने कटाक्ष करते हुए कहा है कि अमेठी, असम, यूपी और अब अजय माकन! उनका इशारा इनकी हार की ओर है, जिनमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुनाव में में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को सराय समझने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी को वक्त मिले तो आत्मचिंतन जरूर करें कि छत्तीसगढ़ की सम्पदा फूंककर जहालत के सिवा क्या हासिल किया? साय ने कहा कि आत्ममुग्ध व्यक्ति से आत्मचिंतन की उम्मीद करना बेमानी है।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि असम और यूपी के चुनाव में छत्तीसगढ़ के संसाधन झोंककर भी बुरी तरह मुंह की खाने के बाद भी बघेल ने कोई सबक नहीं लिया। छत्तीसगढ़ को कांग्रेस का एटीएम समझने वाले भूपेश बघेल ने पहले तो छत्तीसगढ़ का स्वाभिमान दस जनपथ में बेच दिया।। दोनों बाहरी उम्मीदवार छत्तीसगढ़ पर थोप दिये गए और इन्होंने चूं तक नहीं की। इस पर भी गैरत गिरबी रखने की हद यह कि दिल्ली में बैठे कांग्रेस कम्पनी के मालिकों के हुक्म पर उनके दरबारी अजय माकन को राज्यसभा चुनाव में जीत दिलवाने छत्तीसगढ़ में हरियाणा के विधायकों की हफ्ते भर तक आवभगत करते रहे।  पूरी की पूरी सरकार हरियाणा मंडली की सेवा में लगी रही।भूपेश बघेल ऑब्जर्वर बनकर माकन की जीत के बड़े बड़े दावे कर रहे थे। माकन को जिताने निकले थे और अब उनकी हार के बाद मुंह छिपाने से बचने पत्थलगांव निकल गए। हरियाणा में माकन को मिली मात दरअसल भूपेश बघेल की हार है। यह छत्तीसगढ़ की जनता की आह है जिसने कांग्रेस को हरियाणा में कहीं का नहीं छोड़ा।