रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने आयकर विभाग के छापे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को क्या डर है जो सीएम हाउस के सारे दरवाजे बंद कर लिए।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि यह सामने आ गया है कि इस सरकार के संरक्षण में मुख्यमंत्री के खास लोगों और अफसरों को लूटखसोट की इतनी छूट मिली कि उनकी काली कमाई उजागर करने आयकर विभाग को छापा मारना पड़ा। यह तो सभी जानते हैं कि आयकर विभाग शिकायतों को अपने स्तर पर परखता है और उसमें  मिले तथ्यों के आधार पर ही छापे की कार्यवाही करता है। मुख्यमंत्री की उपसचिव और मुख्यमंत्री के करीबी कहलाने वाले लोगों के काले कारनामों की शिकायत आम रही है। अब कोयले की दलाली सहित सारे काले कर्मकांडों का घड़ा भर गया है और छापे  के तमाम तथ्य सामने आने पर फूटना तय है। मुख्यमंत्री का हाथ जनता की जगह किसके साथ है, कैसे लोगों के सिर पर है।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि क्या कारण है कि छापे की आशंका पर मुख्यमंत्री अपनी उपसचिव सहित खास अफसरों  की पहरेदारी बढ़ा देते हैं। मुख्यमंत्री का ऐसा कौन सा स्वार्थ सिद्ध हो रहा है कि वे अवैध कमाई करने के संबंध में कार्यवाही से बचाने के लिए इनका सुरक्षा कवच इतना मजबूत करने लग जाते हैं कि कोई उन तक न पहुंच सके।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि भूपेश बघेल यह भूल जाते हैं कि देश में कानून नाम की व्यवस्था है और उससे ऊपर न तो भूपेश बघेल हैं और न ही उनकी कांग्रेस के मालिकान। भूपेश बघेल अनैतिक संरक्षण देकर  अपने करीबी अफसरों और ऐसे ही अन्य लोगों को कब तक बचा पायेंगे?
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में इतनी बड़ी आयकर कार्यवाही को दबाने के लिए मीडिया पर दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि मीडिया पर अघोषित सेंसरशिप लगाकर भूपेश बघेल भ्रष्टाचार को  दबा नहीं पायेंगे।