भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का राज्य है। इसे शांति के द्वीप के रूप में जाना जाता है। लेकिन जिस तरह से छत्तीसगढ़ में महिला असुरक्षित है और प्रदेश अशांत हो गया है इसके लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। कथित तौर पर महिला सुरक्षा की बात करने वाली प्रियंका गांधी का पता नहीं कि जांजगीर की घटना पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से अब तक जवाब क्यों नहीं मांगा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में सत्ता के नशे में चूर है, हर तरह अवैध नशे का कारोबार फैला हुआ है। जिसके कारण ही महिलाएं प्रदेश में सुरक्षित नहीं है और अपराध की घटनाएं प्रदेश में लगातार बढ़ती ही जा रही है। जिस तरह से जांजगीर में निर्भया कांड हुआ है उस पर कांग्रेस की पूरी सरकार पर्दा डालने का काम कर रही है। इससे दुखद क्या हो सकता है कि एक निगरानीशुदा बदमाश जघन्य अपराध की घटना को अंजाम देता है और उसके बाद भी पुलिस को इसकी खबर नहीं होती। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने स्वयं ही स्वीकारा है कि इन 37 महिनों में 5153 अनाचार के मामले दर्ज किए गए हैं। हर पांच घंटे में एक महिला अनाचार की शिकार हुई है यह बेहद ही दुर्भाग्यजनक है।
 
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत भाजद्वाज ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार महिला सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं कर रही है। प्रदेश की महिलाएं असुरक्षित है उनकी सुरक्षा के लिए कांग्रेस की सरकार को ठोस कदम उठाना चाहिए। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत भाजद्वाज एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर आयी थीं वे जांजगीर में आयोजित निर्भया कांड के विरोध में प्रदर्शन में शामिल हुई।