रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने जिला स्तर के मुख्य अधिकारियों के अल्प समय में तबादले पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कांग्रेस सरकार चला रही है या सर्कस चल रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जहां जहां दौरे पूरे कर चुके हैं, वहां बदलाव हो रहा है। बस्तर और सरगुजा संभाग में मुख्यमंत्री ने देख लिया कि उनकी सरकार की प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था सरकार की तरह ही लचर है। कई जगह बदलाव करना पड़ा। जहां अभी मुख्यमंत्री नहीं पहुंचे हैं, वहां के हालात की जानकारी उन्हें मिल रही है और स्थिति यह है कि पूरे प्रदेश में नौकरशाही के बार बार बदलाव के बाद भी हालात नहीं बदले। अब भूपेश बघेल को समझ लेना चाहिए कि प्रशासनिक और पुलिस अफसरों के बदलाव का प्रयोग विफल हो गया है। अब तो जनता ही व्यवस्था में बदलाव करेगी।
 
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने राजनांदगांव जिले में तीन साल में चार कलेक्टर और इसी तरह बार बार एसपी बदले जाने पर कहा है कि जितना वक्त एसपी कलेक्टर को अपने प्रभार वाले जिले को जानने में लगता है, उतने समय में उनका डेरा बांध दिया जाता है। प्रदेश भर में ऐसी ही प्रशासनिक अफरातफरी का माहौल यह साबित कर रहा है कि यह सरकार  कुर्सी दौड़ कर रही है जो बाधा दौड़ में बदल गई है।
 
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से न तो राज्य का प्रशासनिक तंत्र सम्हल रहा है और न ही कानून व्यवस्था सम्हल रही है। पूरे प्रदेश का विकास ठप हो गया है। जनता त्रस्त है और कानून व्यवस्था की दुर्गति तो अपराधों की बाढ़ उजागर कर ही रही है।