रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा ने लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीररंजन द्वारा  राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी कहे जाने के विरोध में आज राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। बस्तर, सरगुजा, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग संभाग के जिला मुख्यालयों के साथ ही विभिन्न नगरों में कांग्रेस नेता के अपमान जनक संबोधन का जबर्दस्त विरोध किया।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव  साय ने कहा कि कांग्रेस को गरीब आदिवासी बर्दाश्त नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में जिस दिन गरीब आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च पद के लिए एनडीए ने उम्मीदवार घोषित किया, उसी दिन से कांग्रेस उनका अपमान कर रही है और जब वह ऐतिहासिक बहुमत से राष्ट्रपति निर्वाचित हो गईं तब भी कांग्रेस उन्हें सहन नहीं कर पा रही है। गरीब विरोधी, आदिवासी विरोधी, संस्कार हीन कांग्रेस का असल चेहराअधीर रंजन के बयान में बेपर्दा हो गया है।
 
केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन के बयान को कांग्रेस की अधीरता बताते हुए कहा है कि यह सब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंशा के मुताबिक हो रहा है। सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी ईडी को अपने काले कारनामों का हिसाब किताब देने के लिए बुलाए जाने से इतने कुपित हैं कि वह राष्ट्रपति का अपमान करा रहे हैं।
 
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता केदार कश्यप ने कहा कि देश के आदिवासी इस अपमान का बदला लोकतांत्रिक तरीके से लेने के लिए तैयार हैं। कांग्रेस ने हमेशा जनजाति समाज को छलने का काम किया है। वह जनजाति समाज को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती रही है और आज जनजाति समाज की बेटी को राष्ट्रपति बनाए जाने पर उसका असली चरित्र सामने आ गया है। कांग्रेस को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।