रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने  लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी कहकर संबोधित करने को कांग्रेस की धृष्टता की पराकाष्ठा बताते हुए कहा है कि राष्ट्रपति का अपमान भारत देश का अपमान है। भारत राष्ट्र की नारी शक्ति का अपमान है। भारत के 130 करोड़ नागरिकों का अपमान है और भारत के करोड़ों जनजाति समाज, संपूर्ण नारी शक्ति का अपमान है। कांग्रेस नेता का यह कृत्य क्षमा के योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासी समाज का शोषण करती रही है। आदिवासी समाज कांग्रेस की नजर में केवल वोट बैंक है जिसकी जरूरत उन्हें चुनाव के वक्त महसूस होती है। देश की प्रथम नागरिक एवं आदिवासी समाज की गौरव श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का अपमान देश का व पूरे नारी शक्ति का अपमान है जिसकी महिला मोर्चा  निंदा करती है।