नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने दिल्ली दौरे के दौरान जिस तरह से नीति आयोग की बैठक में अनेक मांगे रखी गई। लेकिन ये मांगे केवल अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए है। पहले पंचवर्षीय योजना के तहत पहले केन्द्र की यूपीए सरकार के समय में राज्यों को 32 प्रतिशत राशि दिया जाता था जो केन्द्र की वर्तमान भाजपा की सरकार 32 प्रतिशत को बढ़ाकर अब 42 प्रतिशत दे रही है। केन्द्र सरकार द्वारा 10 प्रतिशत राशि अतिरिक्त दे रही है। जिससे राज्य के विकास में संपूर्ण राशि उपयोग में आ सके। देश के सभी राज्यों का विकास हो इसलिए इसके लिए केन्द्र सरकार ने दलगत भावना से ऊपर उठकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को पूर्ण सहयोग दिया है उसके बाद भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार कहीं भी राज्य के विकास को लेकर संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा ऐसी नहीं है कि केन्द्रीय राशि का उपयोग कर सकें। 
 
नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि केन्द्र सरकार की सभी योजनाएं संचालित की जा रही है जिसे प्रदेश की कांग्रेस सरकार प्रदेश में लागू करने में नाकाम है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जो राशि राज्य सरकार को दी गई उसे भी खर्च करने में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह से नाकाम है। जिसके कारण प्रदेश के गरीबों को आवास से वंचित होना पड़ा है। वहीं 17 से 18 लाख आवास प्रदेश के गरीब जनता को मिलना था लेकिन प्रदेश सरकार की असंवेदनशीलता के चलते 9 हजार करोड़ रुपए का नुकसान प्रदेश को हुआ है जिसके लिए प्रदेश की सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नल जल योजना के तहत 74 लाख घरों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है लेकिन इस लक्ष्य से भी प्रदेश की सरकार काफी पीछे है सितंबर 2023 तक योजना को पूर्ण होना है लेकिन अभी तक प्रदेश सरकार 12 लाख घरों तक भी टेप नल नहीं पहुंचा पाई है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने 1 लाख करोड़ रुपए की राशि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कही थी लेकिन इस पर भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अभी तक कोई योजना नहीं बना पाई है। जिसके संबंध में प्रदेश जानना चाहता है कि मुख्यमंत्री की ओर से अब तक विकास के लिए क्या पहल किया गया है?
 
नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के पास इच्छाशक्ति की कमी हैं। वह केन्द्रांश से संचालित योजना में अपने हिस्से के राज्यांश भी नहीं दे पा रही है जिसके कारण कई योजनाओं को जमीनी आधार ही नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार का केवल एकमात्र काम केन्द्र सरकार को कोसना है। इस सरकार के पास प्रदेश की विकास को लेकर कोई दृष्टि नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर नाकाम व असफल है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी असफलता छिपाने केवल केन्द्र सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाते है। जिसे प्रदेश की जनता भलिभांति समझती है।