रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा  मीडिया प्रभारी नलिनीश ठोकने ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया द्वारा कांग्रेस में सब कुछ ठीक होना बताने पर तंज कसा है कि मंत्री विभाग छोड़ रहे, प्रदेश अध्यक्ष से सीएम की ठन रही, फिर भी कांग्रेस में सब ठीक! पुनिया जी ये बात जनता को कुछ हजम नहीं हुई।
 
प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी नलिनेश ठोकने ने कहा कि कांग्रेस की अंतर्कलह हर रोज उजागर हो रही है। इससे घबराए पुनिया भाजपा में अंतर्कलह होने का भ्रम फैला रहे हैं। भाजपा में गुटबाजी के लिए कोई स्थान नहीं है। यह कांग्रेस की ही संस्कृति है और कांग्रेस को ही मुबारक हो।
 
प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी नलिनेश ठोकने ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सरकार नहीं सम्हल रही और मोहन मरकाम से संगठन नहीं सम्हल रहा। यदि सत्ता और संगठन में तालमेल है तो कांग्रेस की हर बैठक में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष में महाभारत क्यों हो रही है? मरकाम प्रदेश संगठन को किनारे रखकर कोंडागांव में क्यों सिमट गये हैं। टीएस सिंहदेव ने पंचायत मंत्री के पद से इस्तीफा क्यों दिया?
 
प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी नलिनेश ठोकने ने कहा कि सत्ता और संगठन में तालमेल तो दूर की बात है। सत्ता के भीतर ही तालमेल नहीं है। कैबिनेट में पेसा कानून का मसौदा विभागीय मंत्री को दरकिनार करके बदल दिया गया। एक मंत्री सरेआम कलेक्टर को भ्रष्ट बता रहे हैं लेकिन अफसर मंत्री पर भारी हैं। पुनिया बतायें कि क्या कांग्रेस में इसी को सब ठीक होना कहते हैं? बेहतर होगा कि पुनिया अपना घर देखें जहां भीषणतम संग्राम चल रहा है। पुनिया अपनी चिंता करें क्योंकि उनका एटीएम अगले साल बंद होना सुनिश्चित है।
 
प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी नलिनेश ठोकने ने कहा कि भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष अरुण साव की नियुक्ति के साथ ही भूपेश बघेल सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भूपेश बघेल और पुनिया इतने भयभीत हैं कि घटिया किस्म की राजनीति पर उतर आए हैं।