रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के 6 मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की मत्वपूर्ण बैठक रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रमुख रूप से क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन, संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी मौजूद रहे। बैठक में सभी मोर्चों को 24 अगस्त भारतीय जनता युवा मोर्चा के हल्ला बोल मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गयी।
 
भरतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मोर्चों के पदाधिकारियों को 24 अगस्त हल्ला बोल आंदोलन की दृष्टि से आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मोर्चों की महत्वपूर्ण भूमिका हैं और हल्ला बोल आंदोलन में समन्वय संवाद बेहतर तालमेल के साथ सभी मोर्चों को जुटना हैं।
 
भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने काम कुछ नहीं किया हैं बस  झूठ बोल कर विज्ञापन के बूते वाहवाही का प्रयास किया हैं जो अब छत्तीसगढ़ की जनता के सामने उजागर हो चुका हैं। रोजगार के नाम पर नौकरी के नाम पर बेरोजगारी भत्ता के नाम पर लगातार छत्तीसगढ़ के युवाओं को ठगा गया, झूठे दावे और खोखले वादे किए गए जिसके विरोध में 24 अगस्त को भाजयुमो की अगुवाई में हम सभी हल्ला बोलेंगे और  छत्तीसगढ़ की भ्रष्ट और युवाओं के साथ अन्याय करने वाली कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आगाज़ करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी मोर्चा अपनी अपनी भूमिका में जुट जाएं और हल्ला बोलें।
 
भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय ने सभी मोर्चों से चर्चा करते हुए पृथक पृथक भूमिका तय की एवं व्यवस्था की दृष्टि से सभी मोर्चो को काम का विभाजन कर शीघ्र कार्य में जुटने निर्देश दिए।
 
बैठक में पिछड़ा वर्ग मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, महिला मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।