रायपुर।भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विगत एक महीने से प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा हैं। भाजयुमो लगातार प्रदेश सरकार पर विकराल होती बेरोजगारी और युवाओं के साथ रोजगार के नाम पर हो रहे अन्याय के ख़िलाफ़ हल्ला बोल रहा हैं। भाजयुमो के प्रदेश मीडिया प्रभारी उमेश घोरमोड़े ने बताया कि भाजयुमो लगातार पोस्टरवार, वॉल राइटिंग, विधानसभा, जिला स्तर पर एसडीएम और कलेक्ट्रेट घेराव कर छत्तीसगढ़ के युवाओं की आवाज बुलंद कर चुका हैं। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में मंडल स्तर पर बेरोज़गारी टेंट लगाकर युवाओं से फॉर्म भी भरवाया है। इसी क्रम में भाजयुमो कार्यकर्ता भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में 24 अगस्त को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर हल्ला बोलेंगे और मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर प्रदेश सरकार के ख़िलाफ़ मोर्चा खोल छत्तीसगढ़ के युवाओं की आवाज बुलंद करेंगे। भाजयुमो के हल्ला बोल आंदोलन में प्रदेशभर से लाखों की संख्या में युवा रायपुर में जुटेंगे जिसका नेतृत्व करने भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या राजधानी रायपुर आ रहे हैं। 
 
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद तेजस्वी सूर्या 24 अगस्त को प्रातः 9:10 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। विमानतल पर भाजयुमो कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। स्वागत के उपरांत वे विमानतल से प्रदेश भाजपा कार्यालय रवाना होंगे जहां भाजयुमो कार्यकर्ता कई स्थानों पर भाजयुमो अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का स्वागत करेंगे । भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या प्रातः 09:50 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे।भाजयुमो के प्रदेश मीडिया प्रभारी उमेश घोरमोड़े ने बताया कि भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या दोपहर 12 बजे भाजयुमो के हल्ला बोल आंदोलन में शामिल होंगे और सभा स्थल व्हाइट हॉउस नगर निगम परिसर रायपुर में युवाओं के विशाल जनसमूह को सम्बोधित करेंगे।
भाजयुमो के हल्ला बोल कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, निवृतमान अध्यक्ष विष्णुदेव साय, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू, सांसद सुनील सोनी,पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, संजय श्रीवास्तव,भाजयुमो प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव, ओपी चौधरी, संजुनारायन ठाकुर, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी विधायक, सांसद व प्रदेशभर से भाजयुमो नेता कार्यकर्ता एवं लाखों की संख्या में प्रदेशभर के युवा मौजूद रहेंगे।
 
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने प्रदेशभर के युवाओं से भाजयुमो के हल्ला बोल आंदोलन में शामिल होने रायपुर चलो का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने 3 साल 9 महीने तक युवाओं को ठगा और अब जब प्रदेशभर के युवा छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के खिलाफ हल्ला बोल रहे हैं तब यह सरकार  घबरा रही हैं भयभीत हैं। उन्होंने 24 अगस्त को भाजयुमो के हल्ला बोल आंदोलन को युवओं के साथ अन्याय करने वाली सरकार के लिए अंतिम कील बताया हैं।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, प्रभारी आलोक ढंगस, दीपज्योति मुंड सोमवार को ही छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर आ चुके हैं।