रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने झारखंड के विधायकों को रायपुर के रिसॉर्ट में ठहराये जाने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए कहा है कि इन्हें छत्तीसगढ़ के लाखों कर्मचारियों की पीड़ा दूर करने की फुर्सत नहीं है। कांग्रेस के एटीएम अपने मालिक के हुक्म पर बाहरी विधायकों की सेवा में जुट गए हैं।
 
भाजपा प्रवक्ता श्रीवास्तव ने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था सूली पर लटक गई है। बेटियों को जिंदा जलाया जा रहा है। तेजाब से नहलाया जा रहा है। बच्चियों से दुष्कर्म हो रहा है और वहां के सत्ताधारी गठबंधन के विधायक, मंत्री छत्तीसगढ़ में मटरगश्ती कर रहे हैं। इनमें कांग्रेस के विधायक भी शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में इनकी आवभगत का ठेका मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिया है। अभी राज्यसभा चुनाव में अजय माकन को जिताने के लिए बंधक बनाए गए हरियाणा के कांग्रेसी विधायकों  की खातिरदारी जिस रिसॉर्ट में की गई थी, उसी रिसॉर्ट में झारखंड के भगोड़ों को ऐश कराने की जिम्मेदारी कांग्रेस के मैनेजर भूपेश बघेल ने ली है। 
 
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ को कांग्रेस ने राजनीतिक पर्यटन केंद्र में बदल दिया है। यहां कांग्रेस के सैलानियों का सेवा सत्कार हो रहा है। राज्य में चाहे आम पर्यटक झांकने तक न आएं लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों की सियासी सैर के लिए छत्तीसगढ़ के इंतजामअली हमेशा एक पैर पर खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के संकट काल में जब समूचे देश में लॉकडाउन था, लोग मर रहे थे, तब भी असम के कांग्रेसी विधायकों के लिए यहां शराब की नदियां बहायी जा रही थी। अब फिर से वही सारे इंतज़ामात इस झारखंड के सत्ताधारी विधायकों के लिए किया जा रहा है जिनकी सत्ता में बेटियां ज़िंदा जलायी जा रही है, तेज़ाब से नहलायी जा रही है। कांग्रेस के पाप का घड़ा अब भर चुका है। बघेल अपने कृत्यों से लगातार प्रदेश को शर्मसार कर रहे हैं। उनकी जितनी निंदा की जाय, वह कम है।