रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विचारधारा की नहीं,बल्कि भाई बहिन की पार्टी चला रहे हैं।  छत्तीसगढ़ में माफिया राज चल रहा है। कांग्रेस की राज्य सरकार विकास विरोधी है। छत्तीसगढ़ में जितना विकास हुआ, वह भाजपा की सरकार ने किया। कांग्रेस की सरकार ने विकास पर विराम लगा दिया। एक ही काम किया है, वह है शराब की ऑनलाइन सप्लाई। 
 
 भाजपा अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा ने आज यहां साइंस कॉलेज मैदान पर आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्र सरकार के लोकहितैषी कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि 33 लाख महिलाओं को सम्मान दिया है। अब उन्हें नित्यकर्म के लिए सूर्योदय और सूर्यास्त का इंतजार नहीं करना पड़ता। 
 
श्री नड्डा ने राज्य की भूपेश बघेल सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस सरकार को गरीबों की चिंता नहीं है। केवल कांग्रेस का खजाना भरने की चिंता है। कांग्रेस सरकार आयुष्मान भारत योजना में अंशदान नहीं देती। छत्तीसगढ़ में रेत, शराब, कोल, आयरन ओर माफिया सक्रिय हैं। महिला उत्पीड़न बढ़ा है। कानून व्यवस्था ठप हो गई है। भूपेश बघेल को केवल एक परिवार की चिंता है। यहां आदिवासी मारे गए और उस समय भूपेश बघेल राहुल गांधी के साथ ताली बजा रहे थे।
 
 भाजपा अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार ने कई मेडिकल कॉलेज दिए। स्मार्ट सिटी भाजपा की केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को दी हैं। किसान निधि, उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना सहित केंद्र सरकार की योजनाओं से छत्तीसगढ़ की जनता को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीबों को आवास दिए गए हैं।
 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सेवा ही हमारा लक्ष्य है। सत्ता माध्यम हो सकती है। उन्होंने कहा कि परिवारवाद देश के लिए खतरनाक है। आज तमाम पार्टियां परिवारवाद के आधार पर चल रही हैं। केवल भाजपा है जो विचारधारा के आधार पर जनसेवा का लक्ष्य पूरा करती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश के बहुत बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में बाप बेटे की समाजवादी पार्टी चल रही है। पश्चिम बंगाल में बुआ भतीजे की तृणमूल कांग्रेस चल रही है। उन्होंने परिवारवाद पर आधारित कई पार्टियों के उदाहरण देते हुए बताया कि इस तरह की पार्टियां जनता के लिए काम नहीं कर सकतीं। उन्होंने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर कहा कि पहले कांग्रेस तो जोड़ लें। 50-50 साल पुराने नेता कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति बदल दी है अब जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जाना पड़ेगा।