भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल जहां जहां जा रहे हैं, वहां वहां कांग्रेस का बंटाधार हो रहा है। असम गए तो कांग्रेस हार गई, यूपी गए तो कांग्रेस साफ हो गई। अब हिमाचल जा रहे हैं। उन्होंने श्री नड्डा को हिमाचल में भाजपा की जीत की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में उन्हें यह खुशखबरी है कि भूपेश बघेल हिमाचल जा रहे हैं। डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस की सरकार पर जनघोषणा पत्र के वादे पूरे न करने पर जमकर निशाना साधा। डॉ रमन सिंह ने कहा कि गांव गांव में सबसे बड़े लबरा भूपेश बघेल कहे जा रहे हैं छत्तीसगढ़ में माफिया काम कर रहा है। लगातार आंदोलन हो रहे हैं। भाजपा की युवा शक्ति ने 24 अगस्त को ताकत दिखाई, इससे भूपेश बघेल सरकार की जड़ें हिल गई हैं। सोनिया गांधी का एटीएम कौन है, यह सबको मालूम है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सेनापति साथ हैं। 23 के चुनाव में भाजपा जीतेगी। उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं को इस विजय के लिए संकल्प दिलाया।