प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने धाराप्रवाह छत्तीसगढ़ी में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अंचल कांग्रेस के बड़े-बड़े नेताओं के रहते हमेशा उपेक्षित रहा। अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ बनाया और संख्या बल के आधार पर कांग्रेस की जो पहली सरकार बनी, वह तानाशाही सरकार थी। उसे इन्हीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उखाड़ फेंका। भाजपा कार्यकर्ताओं ने तीन बार विधानसभा चुनाव जीते हैं। अब अगली बार चुनाव में फिर कमल खिलेगा। पौने 4 साल में कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने केवल अत्याचार किया है। अन्याय किया है। भ्रष्टाचार किया है। पूरे छत्तीसगढ़ को ठगा है।  राजधानी से लेकर न्यायधानी तक सुरक्षित नहीं है। राज्य में माफिया राज चल रहा है। आतंक का राज है। यह सरकार गरीब विरोधी, महिला विरोधी, युवा विरोधी, किसान विरोधी, कर्मचारी विरोधी सरकार है। किसान के साथ सबसे ज्यादा अन्याय हुआ है। 23 हजार बूथों के कार्यकर्ता अपने सेनापति के सामने संकल्प ले रहे हैं कि अगले साल छत्तीसगढ़ में फिर कमल खिलेगा और मोदी जी के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ का विकास फिर से शुरू होगा।