रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री तथा पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक मोहन मरकाम की प्रस्तावित पदयात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि कांग्रेस के कार्यक्रम में  पोस्टर तक से गायब कांग्रेस अध्यक्ष  राहुल गांधी की पदयात्रा की तर्ज पर अपने विधानसभा क्षेत्र से पद यात्रा निकाल रहे हैं तो वह यह भी बता दें कि जिस तरह केरल में राहुल गांधी की यात्रा के लिए गरीब सब्जी वालों तक से जबरिया फंड वसूला गया, क्या उसी तर्ज पर इस पद यात्रा के लिए फंड बटोरने के लिए कोई लक्ष्य निर्धारित किया गया है?
 
प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार और कांग्रेस का संगठन अंतिम सांसें गिन रहा है। जिस तरह देश में कांग्रेस की हालत खराब है, जर्जर है, उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस के गुब्बारे की हवा निकल चुकी है।सत्ता के साधनों का दुरुपयोग करते हुए कांग्रेस पूरे राज्य में अपने संगठन का कितना भी प्रचार प्रसार कर ले, लेकिन इससे कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है। 4 साल में कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ को जिस तरह से लूटा है, छत्तीसगढ़ की जनता के साथ जिस तरह धोखाधड़ी की है, उसका फल तो कांग्रेस को भुगतना ही होगा। 
 
प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को अब यह भरोसा नहीं है कि वह अपनी कोंडागांव सीट भी बचा पाएंगे। बस्तर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जो धूम मचा दी है, उससे कांग्रेस के हाथ-पैर फूल गए हैं। धड़कनें ऊपर नीचे हो गई हैं। इसलिए घबरा कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम को कोंडागांव से दंतेवाड़ा तक पैदल घूमना पड़ रहा है।