रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया का बस्तर दौरा रद्द होने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि जनता के विरोध से डर कर पीएल पुनिया व कांग्रेस ने बस्तर दौरा रद्द किया है। आदिवासियों का आरक्षण 32 फीसदी से घटकर 20 प्रतिशत होने और इसमें कांग्रेस सरकार की सुनियोजित साजिश से नाराज जनता का सामना करने की हिम्मत कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी नहीं जुटा सके। इसलिए बस्तर दौरा रद्द करने में ही अपनी भलाई समझ रहे हैं। यदि पुनिया अपनी भूपेश सरकार की नीतियों के कारण अपराध बोध और हीनभावना के शिकार नहीं हैं तो बस्तर के सभी 12 विधानसभा क्षेत्र का दौरा करके बतायें। प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ भारी जन आक्रोश है।इसके कारण पुनिया तो पुनिया कांग्रेस के विधायक और इन विधायकों के मुखिया तक आदिवासियों सहित आम जनता का सामना नहीं कर पा रहे हैं। 
 
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए सड़क पर संघर्ष कर रही है और कांग्रेस के आदिवासी मंत्री शीतकक्ष में बैठकर आदिवासियों के नाम पर मुखविलास कर रहे हैं। आदिवासी समाज जानता है कि कांग्रेस की सरकार आदिवासी हितों के साथ लगातार खिलवाड़ कर रही है और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आदिवासी विरोधी मानसिकता पाले हुए हैं। वे आदिवासी समाज को गुमराह करने की व्यर्थ कोशिश कर रहे हैं, भाजपा की सरकार पर दोष मढ़ रहे हैं जबकि भाजपा की डॉ रमन सरकार ने तो आदिवासी आरक्षण में 12 प्रतिशत की वृद्धि की और जब तक भाजपा प्रदेश की सत्ता में रही तब तक इस व्यवस्था की रक्षा की। कांग्रेस की सरकार चार साल से क्या सो रही थी, जो आदिवासियों के हक पर आघात लगवा दिया। विश्वासघात करने वाली कांग्रेस को आदिवासी समाज कभी माफ नहीं करेगा।