रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संदीप शर्मा ने गरियाबंद के धुरवागुड़ी में धान खरीदी केंद्र की मांग कर रहे किसानों के उत्पीड़न को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए इसके लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार की नाकामी का परिणाम है कि किसान धान बेचने के लिए परेशान हैं। उन्हें धान बेचने के लिए बहुत दूर स्थित धान खरीदी केंद्र जाना पड़ता है तो वे अपने नजदीक केंद्र खोलने मांग करते आ रहे हैं। सरकार के मंत्री विधायक किसानों से इस बारे में लगातार वादा करते रहे हैं, घोषणा करते रहे हैं लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा। पूरे प्रदेश के किसानो का सब्र अब टूटने लगा है वे भूपेश बघेल सरकार की वादाखिलाफी से त्रस्त होकर आंदोलित और आक्रोशित हैं।
 
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि किसानों के साथ इसी प्रकार की वादाखिलाफी छुरा के साजापाली क्षेत्र में भी की गई है। क्षेत्रीय विधायक ने धान खरीदी केंद्र खोलने का वादा किया था। भूल गए। वहां भी धान खरीदी केंद्र नहीं खोलने से नाराज किसान आंदोलनरत हैं। कांग्रेस सरकार के  मंत्री और विधायक जहां भी जाते हैं वहां आश्वासन का झुनझुना पकड़ाकर आ जाते हैं। 4 साल से कांग्रेस सरकार केवल वादे कर रही है। किसानों को आश्वासन दे रही है लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया जा रहा। इससे पीड़ित किसान व्यथित है और अपने हक की मांग कर रहे हैं। सरकार को किसानों की सुविधा के लिए धान खरीदी केंद्र खोलना चाहिए। कांग्रेस सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है और किसानों के खिलाफ पुलिस को आगे कर रही है। भूपेश बघेल खुद को किसान पुत्र बताते हैं और उनके राज में किसान सर्वाधिक प्रताड़ित हो रहे हैं।