रायपुर। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की डिप्टी सेक्रेटरी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस और स्वयं मुख्यमंत्री की प्रतिक्रियाओं के संदर्भ में कहा है कि भ्रष्ट अधिकारियों और व्यापारियों पर अगर केंद्रीय जांच एजेंसियां सबूतों के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं तो कांग्रेस को तकलीफ क्यों हो रही है? उन्होंने सवाल किया है कि क्या मुख्यमंत्री और उनकी कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं है, क्या वे नहीं चाहते कि भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो? अगर आप भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं तो आपको ईडी को जांच में सहयोग करना चाहिए।
 
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ तो सारा देश कार्रवाई चाहता है। भ्रष्टाचार के कारण विकास के कार्य तथा जनता के हित प्रभावित होते हैं। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बजाय उनके बचाव में आगे आती है। मुख्यमंत्री भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली ईडी और आईटी टीम को पुलिस की धमकी देते हैं। जाहिर है कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचारियों की मददगार साबित हो रही है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई पर इनके पेट में दर्द होता है तो क्या भ्रष्टाचार में इनकी भागीदारी है और इनके लिए ही यह भ्रष्टाचार फलफूल रहा है। क्या इसीलिए 4 साल से छत्तीसगढ़ का विकास थम गया है और काले कारनामे करने वालों की तिजोरियां खजाना उगल रही हैं। भ्रष्टाचारियों और उनके पैरोकारी करने वालों के बीच क्या रिश्ता है, इसकी भी जांच होनी चाहिये।