रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने कहा कि राजधानी में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर नियंत्रण पाने में प्रदेश सरकार और उसके तमाम प्रयोग नाकारा साबित हो रहे हैं। श्री सिंहदेव ने कहा कि राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में एक युवक को पेट्रोल डालकर जलाए जाने की घटना के बाद प्रदेश सरकार बताएं कि क्या छत्तीसगढ़ में अब लोग सरेआम पेट्रोल से भी जलाए जाएंगे?
 
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री सिंहदेव ने कहा कि यह घटना इस बात की पुष्टि करती है कि प्रदेश में न तो कानून का राज रह गया है और न ही अपराधियों में कानून का कोई खौफ रह गया है। अब लोग सरेआम लोगों को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश करते हुए भी नहीं झिझक रहे हैं। श्री सिंहदेव ने सरकार से पूछा कि छत्तीसगढ़ में अब नागरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? नागरिक अब क्या सोचकर घर से बाहर निकले? प्रदेश में भय-आतंक के चलते जंगलराज कायम हो गया है। जिस प्रकार अपराधी निर्ममता, बर्बरता से लोगों की जान ले रहे हैं उसके बाद कुछ सवाल प्रदेश को मथ रहे हैं जिनके जवाब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू प्रदेश को दें:-
प्रदेश सरकार ने डीजीपी को बदल दिया लेकिन अब भी अपराध़ नहीं रुक रहे हैं तो अब प्रदेश सरकार आगे क्या करने जा रही है?
कानून व्यवस्था को बजाय दुरुस्त करने के क्या प्रदेश सरकार अमन पसंद नागरिकों को यूं ही मरने के लिए छोड़ देगी?
प्रदेश सरकार बताएं कि क्या वह अपराधियों पर नियंत्रण पाना ही नहीं चाहती?
अब तक स्मार्ट पुलिसिंग के जुमले से प्रदेश को झांसा देने का काम करती प्रदेश सरकार को शर्म महसूस नहीं होगी?
प्रदेश सरकार के सत्ता वादी राजनीतिक संरक्षण में अपराधियों को खूनी वारदातें करने की छूट कब तक दी जाती रहेगी?